IND vs WI 2nd T20I: भारतीय टीम के युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। हालांकि, अपनी छोटी सी पारी के दौरान लगाए गए एक छक्के की बदौलत अभिषेक ने टी20 इंटरनेशनल का एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
शुक्रवार (9 अक्टूबर) को रांची के JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले जा रहे इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। संजू सैमसन के साथ भारतीय पारी की शुरुआत करने उतरे अभिषेक शर्मा ने तेज शुरुआत की, लेकिन वह अपनी पारी को ज्यादा आगे नहीं बढ़ा सके। अभिषेक ने 12 गेंदों पर 20 रन बनाए, जिसमें दो चौके और एक छक्का शामिल रहा।
अभिषेक शर्मा ने अपनी इस पारी में जो छक्का लगाया, उसी के साथ वह टी20 इंटरनेशनल में किसी फुल मेंबर देश के बल्लेबाज के तौर पर पहले ओवर में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। इस मामले में उन्होंने आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग को पीछे छोड़ दिया है।