भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व टेस्ट कप्तान अजिंक्य रहाणे ने ईरानी कप 2024 में मुंबई के लिए खेलते हुए शेष भारत के खिलाफ 97 रनों की दमदार पारी खेली। ये रहाणे और सरफराज खान की पारियों का ही असर था कि मुंबई की टीम शुरुआती झटकों से उबर पाई और पहले दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट के नुकसान पर 281 रन बना पाई।
इस मैच में शेष भारत के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर मुंबई को बल्लेबाजी के लिए उतारा। शेष भारत के गेंदबाजों ने शानदार शुरुआत की और पहले 12 ओवर में ही मुंबई का स्कोर 37/3 हो गया। हार्दिक तमोर के आउट होने के बाद मुंबई के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने श्रेयस अय्यर (84 गेंदों पर 57 रन) के साथ 102 रनों की साझेदारी की।
अय्यर को 40वें ओवर में यश दयाल ने आउट किया। इसके बाद सरफराज खान ने अपने कप्तान के साथ मिलकर ये सुनिश्चित किया कि रणजी चैंपियन खेल में अपना दबदबा बनाए। सरफराज और रहाणे ने 130 रनों की साझेदारी की। यश दयाल की गेंद पर आउट होने से पहले रहाणे ने 97 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को मुश्किल से उबारा था।