ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ बल्लेबाज टिम डेविड टी-20 में तो धमाल मचा ही रहे हैं लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की उनको लेकर प्लानिंग कुछ और ही चल रही है। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया डेविड को वनडे टीम में भी शामिल करने के बारे में सोच रहा है ताकि वो उन्हें 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए इस्तेमाल कर सकें। इसी कड़ी में ऑस्ट्रेलिया के हेड कोच एंड्रयू मैकडॉनल्ड ने टिम डेविड की वनडे क्रिकेट में संभावित वापसी के दरवाज़े खोल दिए हैं।
ग्लेन मैक्सवेल और मार्कस स्टोइनिस के रिटायरमेंट के बाद, सेलेक्टर्स रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के इस पावर-हिटर को 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए एक संभावित विकल्प के तौर पर देख रहे हैं। ये चर्चा ऐसे समय में हो रही है जब ऑस्ट्रेलिया व्हाइट-बॉल क्रिकेट में बदलाव के दौर से गुज़र रहा है। डेविड पहले ही खुद को एक फिनिशप के रूप में साबित कर चुके हैं और ऐसे में वो वनडे में भी ये काम करने के लिए उपयुक्त दावेदार हैं।
ऑस्ट्रेलिया इस साल के आखिर में ज़िम्बाब्वे, साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज़ खेलने वाला है, ऐसे में टीम के संतुलन और लंबी अवधि की योजना को लेकर चर्चाएं तेज़ हो गई हैं। मैक्सवेल और स्टोइनिस जैसे अनुभवी ऑलराउंडर्स की गैरमौजूदगी के चलते टिम डेविड पर निगाहें आ गई हैं। डेविड को लेकर मैकडॉनल्ड ने पुष्टि कर दी है कि वो उनके विकल्प पर विचार कर रहे हैं।