Beth Mooney Record: आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC Women's T20 World Cup 2026) का पहला सेमीफाइनल (AUS-W vs WI-W Semi Final) बीते मंगलवार, 30 जून को लंदन के केनिंग्टन ओवल स्टेडियम में खेला गया था जहां ऑस्ट्रेलिया ने महज़ 13 ओवर में 126 रनों का लक्ष्य हासिल करके वेस्टइंडीज को 8 विकेट से मात दी। गौरतलब इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की अनुभवी बल्लेबाज़ बेथ मूनी (Beth Mooney) ने 36 गेंदों पर 8 चौके लगाकर नाबाद 61 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली जिसके दम पर उन्होंने कुछ बेहद ही खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं।
एलिसा हीली का तोड़ा रिकॉर्ड: सेमीफाइनल-1 में बेथ मूनी ने तूफानी बैटिंग की और वेस्टइंडीज के गेंदबाज़ों की कुटाई करके महज़ 29 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया। खास बात ये है कि अब बेथ मूनी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल/फाइनल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाली खिलाड़ी बन गईं हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की ही पूर्व खिलाड़ी एलिसा हीली का रिकॉर्ड तोड़ा है जिन्होंने साल 2020 के फाइनल में भारत के खिलाफ 30 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था।
बेथ मूनी के महारिकॉर्ड की बराबरी: 32 वर्षीय बेथ मूनी ने विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में अपनी आठवीं फिफ्टी प्लस इनिंग खेली है। वो अब इस टूर्नामेंट के इतिहास में न्यूजीलैंड की दिग्गज सुज़ी बेट्स की बराबरी करके सर्वाधिक फिफ्टी प्लस इनिंग खेलने वाली बल्लेबाज़ बन गईं हैं। ध्यान दें कि बेथ मूनी ने टी20 वर्ल्ड कप में 31 इनिंग खेलकर ये कारनामा किया है, वहीं सुज़ी बेट्स ने ऐसा 44 इनिंग में किया।