मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच बुधवार (20 मई) को ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले जा रहे आईपीएल 2026 के अहम मुकाबले के दौरान KKR को बड़ा झटका लगा है। टीम के युवा बल्लेबाज और विकेटकीपर अंगकृष रघुवंशी चोटिल होकर मैदान से बाहर हो गए, जिसके बाद कोलकाता को मजबूरी में रामनदीप सिंह को कन्कशन सब्स्टीट्यूट चुनना पड़ा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक अंगकृष रघुवंशी को उंगली में चोट लगी थी। हालांकि यह साफ नहीं हो पाया कि उन्हें चोट आखिर कब लगी। मुंबई इंडियंस की पारी के दौरान अचानक मैदान पर फिजियो दौड़ते हुए पहुंचे और ऐसा लगा कि विकेटकीपिंग के दौरान उनकी उंगली में दिक्कत हुई। फिजियो ने मैदान पर उनका इलाज किया, लेकिन हालत ठीक नहीं लगने पर उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया।
गौरतलब है कि रघुवंशी मुंबई इंडियंस की पारी दौरान तिलक वर्मा के कैच पकड़ने के प्रयास में वरुण चक्रवर्ती से टकरा गए थे। दोनों खिलाड़ी तिलक वर्मा का कैच लेने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन कैच छूट गया और उसी दौरान टक्कर भी हुई। माना जा रहा है कि उसी घटना के बाद उनकी चोट और बढ़ गई।