क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को एक बड़ा झटका देते हुए ये साफ कर दिया है कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के मुख्य खिलाड़ी पाकिस्तान में होने वाली वनडे सीरीज़ के लिए आईपीएल नहीं छोड़ेंगे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बिना किसी रुकावट के अपने खिलाड़ियों को IPL के कमिटमेंट को पूरे करने की इजाज़त दे दी है।
CA के एक प्रवक्ता ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी अभी भी IPL में रहेंगे और अपने कमिटमेंट पूरे करेंगे। बता दें कि इस समय लगभग एक दर्जन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी IPL में खेल रहे हैं। CA का ये स्पष्टीकरण गुरुवार (7 मई) को CA और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) द्वारा संयुक्त रूप से घोषित तीन मैचों की वनडे सीरीज़ के बाद आया है। ये मैच 30 मई, 2 जून और 4 जून को होने हैं और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को 23 मई को इस्लामाबाद पहुंचना है।
पाकिस्तान सीरीज का ये शेड्यूल साफ तौर पर IPL के आखिरी दौर से टकरा रहा है, इसी वजह से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपना रुख साफ किया है। IPL में शामिल एक दर्जन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों में ऑस्ट्रेलिया के नियमित वनडे कप्तान पैट कमिंस और मिचेल मार्श शामिल हैं। भारत में मौजूद अन्य ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों में ट्रैविस हेड, टिम डेविड, जोश हेज़लवुड, ज़ेवियर बार्टलेट, कूपर कोनोली, मार्कस स्टोइनिस, जोश इंग्लिस, कैमरन ग्रीन, मिचेल स्टार्क और मैथ्यू शॉर्ट शामिल हैं।