IND vs WI 5th T20I: वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर और टीम के मौजूदा हेड कोच डैरेन सैमी (Darren Sammy) ने भारत के खिलाफ जारी टी20 सीरीज के बीच ऐसा काम किया है, जिसने फैंस का दिल जीत लिया। हैदराबाद में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले से पहले सैमी की मुलाकात दिव्यांग क्रिकेट फैन धरमवीर पाल (Dharamveer Pal) से हुई।
यह मुलाकात बुधवार (14 अक्टूबर) को राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम के बाहर हुई थी। सैमी चौथे टी20 मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात धरमवीर पाल से हुई, जो भारत के लिए व्हीलचेयर क्रिकेट भी खेलते हैं और टीम को सपोर्ट करने के अलग-अलग शहरों में जाते रहते हैं।
धरमवीर पाल ने इस दौरान सैमी को अपने कुछ क्रिकेट वीडियो में भी दिखाए। इसे देखकर वेस्टइंडीज के हेड कोच काफी प्रभावित नजर आए और उन्होंने क्रिकेट के प्रति धरमवीर के जुनून की सराहना की। धरमवीर ने उन्हें यह भी बताया कि वह भारतीय टीम का समर्थन करने के लिए चंडीगढ़, लखनऊ और इंदौर जैसे शहरों में भी मैच देखने पहुंचे थे। सैमी ने भी उनसे गर्मजोशी के साथ मुलाकात की और इस दौरान दोनों ने साथ में तस्वीरें खिंचवाईं।