Dasun Shanaka Record: श्रीलंका क्रिकेट टीम के कैप्टन दासुन शनाका (Dasun Shanaka) ने गुरुवार, 12 फरवरी को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) के 16वें मुकाबले में ओमान (SL vs OMN) के खिलाफ सिर्फ 19 बॉल पर तूफानी हाफ सेंचुरी ठोककर इतिहास रच दिया। गौरतलब है कि इसी के साथ उन्होंने कुछ बेहद ही खास रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। सबसे पहले ये जान लीजिए कि श्रीलंका के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 34 साल के दासुन शनाका ने 20 गेंदों पर 2 चौके और 5 छक्के की मदद से 50 रन ठोके। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 250 का रहा।
तोड़ा महान महेला जयवर्धने का रिकॉर्ड: दासुन शनाका ने ओमान के सामने सिर्फ 19 बॉल पर हाफ सेंचुरी ठोककर इतिहास रच दिया और अब वो टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में श्रीलंका के लिए सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। जान लें कि उन्होंने पूर्व महान खिलाड़ी महेला जयवर्धने का 18 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने साल 2007 के टी20 वर्ल्ड कप में केन्या के खिलाफ महज़ 21 बॉल पर अर्धशतक जड़ने का कारनामा किया था।