भारत के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने आईपीएल 2027 की नीलामी से पहले इंग्लैंड के बल्लेबाज जैकब बेथेल को रिलीज करने के रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के फैसले पर सवाल उठाए हैं। पठान ने इस युवा खिलाड़ी को एक ऐसी दुर्लभ प्रतिभा बताया है, जो अकेले दम पर मैच जिताने की क्षमता रखता है।
आरसीबी मौजूदा चैंपियन है और लगातार तीसरी बार आईपीएल खिताब जीतने के प्रयास में इस सीजन में उतरेगी। 16 दिसंबर को गोवा में होने वाली नीलामी में आरसीबी के पास खर्च करने के लिए 14.15 करोड़ रुपये की सीमित रकम है और उन्हें अपनी टीम में पांच खिलाड़ियों को शामिल करना है, जिनमें से केवल एक विदेशी खिलाड़ी हो सकता है।
'जियोस्टार' पर बात करते हुए पठान ने कहा, "सच कहूं तो, जैकब बेथेल के अलावा किसी और खिलाड़ी को रिलीज किए जाने से मुझे हैरानी नहीं हुई। स्वप्निल सिंह एक अनुभवी खिलाड़ी हैं और काफी सस्ते भी थे। उन्हें क्रुणाल पांड्या के बैकअप के तौर पर रखा जा सकता था, लेकिन मुझे लगता है कि टीम प्रबंधन चाहता है कि यह बैकअप भूमिका विक्की ओस्तवाल निभाएं, जो बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों कर सकते हैं। किसी युवा खिलाड़ी पर भरोसा जताना बिल्कुल सही फैसला है। मंगेश यादव और रिचर्ड ग्लीसन को रिलीज करना भी समझदारी भरा फैसला है।"