श्रीलंका ने फाइनल मुकाबले में आयरलैंड को 6 विकेट से हराकर आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया। बुधवार को कारवां स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए फाइनल मैच में श्रीलंका ने आयरलैंड से मिले 97 रनों के लक्ष्य को सिर्फ 12.4 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। विश्मी गुणरत्ने 13 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 10 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। इसके बाद कप्तान हर्षिता समरविक्रमा बिना खाता खोले 'गोल्डन डक' पर आउट हुईं। संजना कविंदी ने 22 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौकों की मदद से 25 रनों की अहम पारी खेली।
वहीं, इमेशा एक छोर को संभालकर खड़ी रहीं और उन्होंने 25 गेंदों में 44 रनों की नाबाद पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के लगाए। कविशा दिलहरी 10 गेंदों में 16 रन बनाकर नाबाद रहीं और टीम को जीत दिलाकर लौटीं। आयरलैंड की ओर से गेंदबाजी में मैककार्टनी और कारा मरे ने दो-दो विकेट चटकाए।