IPL 2026 Final, Royal Challengers Bengaluru vs Gujarat Titans: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार (31 मई) को खेले गए आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। पहले गेंदबाजों ने गुजरात को 155 रन पर रोका, जिसके बाद विराट कोहली की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत RCB ने 12 गेंदें शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस खिताबी मुकाबले में RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने पावरप्ले के अंदर ही अपने दोनों स्टार सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। कप्तान शुभमन गिल 10 रन बनाकर आउट हुए, जबकि साईं सुदर्शन भी 12 रन ही जोड़ सके। मध्यक्रम में भी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर पाए। निशांत सिंधु ने 20 रन बनाए, जबकि जोस बटलर 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
हालांकि एक छोर पर वाशिंगटन सुंदर डटे रहे और उन्होंने जिम्मेदारी भरी बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में नाबाद 50 रन की अहम पारी खेली। उनकी इस संघर्षपूर्ण पारी की बदौलत गुजरात टाइटंस निर्धारित 20 ओवर में 155 रन का स्कोर खड़ा करने में सफल रही।