Devdutt Padikkal Video: भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज़ देवदत्त पडिक्कल (Devdutt Padikkal) ने कोलंबो टेस्ट (SL vs IND 2nd Test) का पहला दिन अपने नाम किया और 193 गेंदों पर शानदार 117 रनों की शतकीय पारी खेली। गौरतलब है कि इसी बीच उन्हें एक नहीं, बल्कि दो-दो बड़े जीवनदान मिले जिसका उन्होंने जमकर फायदा उठाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
कोलंबो टेस्ट में देवदत्त पडिक्कल को पहला जीवनदान भारतीय पारी के 11वें ओवर में मिला। यहां लाहिरू कुमारा की गेंद पर वो ड्राइव खेलने की कोशिश में नाकाम हो गए थे जिसके बाद गेंद उनके बैट का किनारा लेकर बैकवर्ड पॉइंट की तरफ चली गई। इस पॉजिशन पर दिनुशा फील्डिंग कर रहे थे जिनसे देवदत्त पडिक्कल का बड़ा कैच छूट गया। अगर दिनुश कैच पकड़ते तो पडिक्कल शून्य के स्कोर पर पवेलियन लौटते।
इसके बाद देवदत्त पडिक्कल को 14वें ओवर में एक और मौका मिला। ये ओवर श्रीलंका के लिए केशरा नुवंथा कर रहे थे जिनकी तीसरी गेंद पर पडिक्कल कट खेलने की कोशिश में गलती कर बैठे। एक बार फिर उनके बैट का मोटा बाहरी किनारा गेंद पर लगा और वो गेंद सीधा स्लिप में खड़े फील्डर के पास चली गई। यहां खुद श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा कैच ले सकते थे, लेकिन वो भी ऐसा नहीं कर पाए। तो ऐसे पडिक्कल को 2 रन के निजी स्कोर पर दूसरा जीवन मिला।