न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी तीन मैचों की सीरीज के दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है। नियमित कप्तान बेन स्टोक्स और स्टार तेंज गेंदबाज गस एटकिंसन की गैरमौजूदगी के चलते इंग्लैंड को मजबूरी में चार बदलाव करने पड़े हैं। वहीं दो युवा खिलाड़ियों को टेस्ट डेब्यू का मौका भी मिला है।
न्यूजीलैंड के खिलाफ द ओवल में बुधवार (17 जून) से खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड ने सोमवार (15 जून) को अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है। लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट में 115 रन की जीत के बाद इंग्लैंड सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाए हुए है, लेकिन दूसरे मुकाबले से पहले टीम को मैदान के बाहर हुई घटनाओं और चोटों के कारण कई बदलाव करने पड़े हैं।
पहले टेस्ट के बाद कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन विवादों में घिर गए थे। दोनों पर टीम कर्फ्यू तोड़ने और नाइटक्लब में हुई एक घटना में शामिल होने का आरोप लगा, जिसके बाद उन्हें ओवल टेस्ट से निलंबित कर दिया गया। ऐसे में अनुभवी बल्लेबाज जो रूट एक बार फिर अंतरिम कप्तान की भूमिका निभाते नजर आएंगे।