इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन का क्वालीफायर-2 शुक्रवार, 29 मई को गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच PCA स्टेडियम, मुल्लांपुर में खेला जाएगा। ये मुकाबला भारतीय समय अनुसार शाम 07:30 बजे से शुरू होगा लेकिन मैच से पहले फैंस के मन में न्यू चंडीगढ़ के मौसम को लेकर सवाल बना हुआ है तो चलिए आपको बताते हैं कि मैच के दौरान मौसम कैसा रहने वाला है।
मौसम विभाग के अनुसार, मैच के समय मौसम सुहावना रहने की उम्मीद है, लेकिन मैच के दौरान बारिश हो सकती है। पंजाब में कई ऐसे इलाके हैं जिनके लिए IMD ने ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है, लेकिन अच्छी बात ये है कि मुल्लांपुर उनमें से एक नहीं है। फिर भी, वेन्यू के आस-पास बारिश होने की लगभग 10% संभावना बनी हुई है। मैच के दौरान तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। जाहिर है कि मैच बारिश प्रभावित हो सकता है।
गौरतलब है कि IPL के मौजूदा सीजन में इन दोनों टीमों की कुल दो बार टक्कर हुई है जिसमें से एक बार RR ने जीत हासिल की, वहीं एक मुकाबले में GT ने बाजी मारी। बात करें इनके बीच हुए आखिरी मुकाबले की तो वो गुजरात टाइटंस ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में 229 रन डिफेंड करके राजस्थान से 77 रनों से जीता था। इस मुकाबले में शुभमन गिल (44 गेंदों पर 84 रन) और साईं सुदर्शन (36 गेंदों पर 55 रन) ने अर्धशतक ठोके थे।