IPL 2026 Final, Royal Challengers Bengaluru vs Gujarat Titans: आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। शीर्ष क्रम के बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और टीम लगातार दबाव में नजर आई। वाशिंगटन सुंदर ने जरूर संघर्षपूर्ण पारी खेलकर स्कोर को सम्मानजनक बनाया।
आईपीएल 2026 का फाइनल रविवार (31 मई) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच खेला जा रहा है। इस खिताबी मुकाबले में RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने पावरप्ले के अंदर ही अपने दोनों स्टार सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। कप्तान शुभमन गिल 10 रन बनाकर आउट हुए, जबकि साईं सुदर्शन भी 12 रन ही जोड़ सके। मध्यक्रम से भी टीम को ज्यादा मदद नहीं मिली। निशांत सिंधु ने 20 रन बनाए, जबकि जोस बटलर 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।