IPL 2026, Gujarat Titans vs Punjab Kings Highlights: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार (3 मई) को खेले गए आईपीएल 2026 के इस रोमांचक मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने पंजाब किंग्स को 4 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब 163 रन ही बना सकी, जिसके जवाब में गुजरात ने आखिरी ओवर में लक्ष्य हासिल कर मैच अपने नाम किया। साईं सुदर्शन और वाशिंगटन सुंदर की पारियों ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
आईपीएल 2026 के 46वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही और पहले ही ओवर में प्रियांश आर्य (1) और कूपर कोनोली बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह (15) और श्रेयस अय्यर (19) भी ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए।
मध्य ओवरों में टीम मुश्किल में थी, लेकिन सूर्यांश शेडगे और मार्कस स्टोइनिस ने पारी को संभालते हुए छठे विकेट के लिए 44 गेंदों में 79 रन की अहम साझेदारी की। शेडगे ने 29 गेंदों में 57 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। वहीं स्टोइनिस ने 31 गेंदों में 40 रन बनाए। अंत में मार्को यानसेन ने 11 गेंदों में 20 रन जोड़कर टीम को 20 ओवर में 163 रन तक पहुंचाया।