एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट में पाकिस्तान ए के खिलाफ भारत ए की तरफ से खेल रहे हर्षित राणा को अपने व्यवहार के लिए आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। हर्षित पाकिस्तान ए के खिलाफ हुए मैच में बेहद आक्रामक नजर आए थे। उन्हें अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए भी देखा गया था। भारतीय टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने हर्षित के व्यवहार की आलोचना की है।
हरभजन सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा, "हर्षित राणा का व्यवहार सही नहीं था। ऐसा नहीं होना चाहिए। मुझे लगता है कि ऐसा व्यवहार आने वाली पीढ़ियों के लिए अच्छा उदाहरण नहीं है।"
एशिया कप राइजिंग स्टार्स टूर्नामेंट से पहले अंडर-19 एशिया कप खेला गया था। इस टूर्नामेंट में भी भारत और पाकिस्तान की टीमें दो बार टकराई थीं। लीग मैच में पाकिस्तान ने भारत को हराया था और इसमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों का व्यवहार गलत था। वहीं, फाइनल में पाकिस्तान को हराकर खिताब जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ी काफी आक्रामक नजर आए थे।