India vs New Zealand Test 2026: बीसीसीआई ने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज के लिए शुक्रवार (16 अक्टूबर) को भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। दो मैचों की सीरीज के लिए टीम में जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah), नीतीश कुमर रेड्डी (Nitish Kumar Reddy), अंशुल कंबोज (Anshul Kamboj) और आकाशदीप (Akash Deep) की वापसी हुई है।
शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम में सबसे अहम बुमराह की वापसी है, क्योंकि उन्होंने इस साल अब तक एक भी टेस्ट मैच नहीं खेला है। उन्होंने आखिरी बार 2025 के आखिर में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट खेले थे। ऋषभ पंत, जिन्हें हाल ही में ईरानी कप के दौरान 'साइड स्ट्रेन' (पसलियों के पास खिंचाव) की समस्या हुई थी, उन्हें भी टीम में रखा गया है, लेकिन उनका खेलना उनकी फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगा।
केएल राहुल टीम के उप-कप्तान हैं और यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर पहली पसंद वाली ओपनिंग जोड़ी बनाएंगे। देवदत्त पडिक्कल, जिन्होंने श्रीलंका दौरे पर नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए दो शतक लगाए थे, अपनी जगह बनाए रखने में कामयाब रहे हैं। वहीं इस पोजिशन के एक और दावेदार साई सुदर्शन भी टीम में वापस आ गए हैं; वे पैर की उंगली में चोट के कारण श्रीलंका दौरे पर नहीं जा पाए थे। ध्रुव जुरेल टीम में दूसरे विकेटकीपर हैं, जो मिडिल ऑर्डर में भी एक विकल्प के तौर पर मौजूद हैं।