England vs India 1st ODI: भारत ने पहले वनडे मुकाबले में इंग्लैंड को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। इंग्लैंड के 259 रन के लक्ष्य को भारत ने 28 गेंदें शेष रहते ही हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने लगातार छह हार के सिलसिले को भी खत्म कर दिया।
इंग्लैंड और भारत के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज मंगलवार (14 जुलाई) को बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले से हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत ठीक ठाक रही थी। बेन डकेट और जैकब बेथेल ने पहले विकेट के लिए 74 गेंदों में 61 रन जोड़े। डकेट ने इस दौरान 45 गेंदों में 43 रन जोड़े थे।
हालांकि, इस साझेदारी के टूटने के बाद इंग्लैंड की पारी बिखर गई और टीम ने अगले 46 रन के भीतर 6 विकेट गंवा दिए। मुश्किल परिस्थितियों में जो रूट और लियाम डॉसन ने पारी को संभालते हुए सातवें विकेट के लिए 134 गेंदों में 121 रन की शानदार साझेदारी निभाई।