रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल 2022 किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा है। 5 बार की विजेता टीम लगातार 8 मुकाबले हारकर आईपीएल 2022 से बाहर हो चुकी है। टीम की इस हालत पर पूर्व मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी क्रिस लिन ने रिएक्ट किया है। क्रिस लिन ने मुंबई के हार की वजह टीम में बने गुट को बताया है।
एक जाने माने वेब पोर्टल के साथ बातचीत के दौरान क्रिस लिन ने कहा, 'जीत एक आदत है वैसे ही हार भी एक आदत ही है। मुंबई इंडियंस को बल्ले से गेंद से और मानसिक रूप से समस्या है। ऐसा लग रहा है कि उनके सेट-अप में हर जगह गुट हैं। यह बहुत अच्छा संकेत नहीं है। मुझे लगता है कि अभी उनके चेंज रूम में रहना रहने के लिए अच्छी जगह नहीं होगी।'
क्रिस लिन ने आगे कहा, 'जब उन्होंने दो साल पहले टूर्नामेंट जीता था तब हर वक्त बातचीत होती थी कि हम कैसे बेहतर कर सकते हैं। वो जीतना चाहते थे। छोटी-छोटी बातचीत बिना कोचिंग स्टाफ के भी हो रही होती थी। अब हम वो नहीं देख रहे हैं। हम जो देख रहे हैं वो बिल्कुल विपरीत है। ऐसा लगता है कि 11 की टीम नहीं वो 11 व्यक्ति हैं।'
