आईपीएल 2023 के 19वें मैच में हैरी ब्रूक के नाबाद शतक और कप्तान एडेन मार्कराम के अर्धशतक की मदद से सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 23 रन से हरा दिया। इस मैच में कोलकाता के कप्तान नितीश राणा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। इस मैच में कोलकाता ने इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में सुयश शर्मा की जगह वेंकटेश अय्यर को खिलाया। वहीं हैदराबाद ने इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में हैरी ब्रूक की जगह वॉशिंगटन सुंदर को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया।
सनराइजर्स हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 228 रन का विशाल स्कोर बनाया। टीम की तरफ से सबसे ज्यादा रन दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज हैरी ब्रूक ने बनाये। उन्होंने 55 गेंद में 12 चौको और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 100 रन की शतकीय पारी खेली। ये आईपीएल 2023 का पहला शतक है।
उनके अलावा कप्तान एडेन मार्कराम ने 26 गेंद में 2 चौको और 5 छक्कों की मदद से 50 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने और ब्रूक ने तीसरे विकेट के लिए 72(47) रन की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। वहीं अंत में अभिषेक शर्मा ने तेजी से 17 गेंद में 32 रन की पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 3 चौके और 2 छक्के लगाए। ब्रूक ने उनके साथ 72(33) रन की साझेदारी की। कोलकाता की तरफ से सबसे ज्यादा 3 विकेट आंद्रे रसेल ने चटकाए। वहीं एक विकेट वरुण चक्रवर्ती लेने में सफल रहे।