हर्षल पटेल आईपीएल 2027 में गुजरात टाइटंस के लिए खेलते नजर आएंगे। हर्षल को सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने गुजरात टाइटंस के साथ ट्रेड किया है। पटेल के ट्रेड की आधिकारिक घोषणा मंगलवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की गवर्निंग बॉडी ने की। आईपीएल में दो बार पर्पल कैप जीत चुके हर्षल के जुड़ने से गुजरात टाइटंस (जीटी) की गेंदबाजी मजबूत हुई है।
हर्षल पटेल को आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में एसआरएच ने 8 करोड़ रुपये में खरीदा था। पटेल 4 करोड़ रुपये के नुकसान के साथ 4 करोड़ रुपये में गुजरात टाइटंस से जुड़े हैं। इस मूव से पटेल अपने गृह राज्य में भी लौटेंगे। अहमदाबाद में जन्मे इस पेसर ने 2025-26 सीजन से घरेलू क्रिकेट में गुजरात का प्रतिनिधित्व करने के लिए वापसी की।
पटेल को आईपीएल का लंबा अनुभव है। उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर अपनी पहचान बनाई है। उन्हें डेथ ओवरों का विशेषज्ञ माना जाता है। पटेल ने 2012 में आईपीएल में डेब्यू के बाद से 124 मैचों में 151 विकेट लिए हैं। उन्होंने दो बार पर्पल कैप जीती है, 2021 और 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) का प्रतिनिधित्व करते हुए टूर्नामेंट के लीडिंग विकेट-टेकर रहे। हर्षल ने आईपीएल 2025 में 13 मैचों में 16 विकेट लिए थे। पिछला सीजन उनके लिए अच्छा नहीं रहा था। वह सिर्फ 5 मैच खेल पाए थे, जिसमें उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला था।