महेंद्र सिंह धोनी के आईपीएल में संन्यास को लेकर फैंस के बीच हमेशा चर्चा तेज रहती है। फैंस के मन में सवाल रहता है कि क्या 'कैप्टन कूल' अब IPL से भी अलविदा कहने वाले हैं। लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के सीईओ काशी विश्वनाथन ने खुद इस पर बड़ा अपडेट दिया है और साफ कर दिया कि धोनी का अभी रिटायरमेंट लेने का कोई इरादा नहीं है।
महेंद्र सिंह धोनी भले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से 15 अगस्त 2020 को रिटायर हो चुके हों, लेकिन IPL में उनका जलवा अब भी बरकरार है। धोनी IPL इतिहास के सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं और 2026 सीजन में भी उन्हें मैदान पर देखा जाएगा।
दरअसल, हाल ही में ‘Provoke Lifestyle’ यूट्यूब चैनल पर शेयर की गई एक वीडियो में CSK के सीईओ काशी विश्वनाथन से कुछ बच्चों ने धोनी के रिटायरमेंट को लेकर सवाल पूछा। इस पर उन्होंने दो टूक कहा, “नहीं, वो रिटायर नहीं हो रहे हैं।” जब दोबारा पूछा गया कि क्या वो IPL 2026 में खेलेंगे? काशी ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “हां, वो इस IPL के लिए भी रिटायर नहीं हो रहे।”