Ish Sodhi Record: न्यूजीलैंड के स्टार लेग स्पिनर ईश सोढ़ी ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में बड़ा कारनामा करते हुए इतिहास रच दिया है। ईश सोढ़ी पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज टीम साउदी को पीछे छोड़ते हुए न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं।
न्यूजीलैंड के अनुभवी लेग स्पिनर ईश सोढ़ी ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। बांग्लादेश के खिलाफ शनिवार (2 मई) को ढाका में खेले गए टी20 सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में सोढ़ी ने जैसे ही शमीम हुसैन (3) का विकेट लिया, उन्होंने इतिहास रच दिया।
इस विकेट के साथ ही सोढ़ी ने टीम साउदी को पीछे छोड़ते हुए न्यूजीलैंड के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। सोढ़ी अब 142 मैचों में 165 विकेट के साथ इस लिस्ट में नंबर-1 पर पहुंच गए हैं, जबकि साउदी 164 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए। वहीं मिचेल सैंटनर इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं, जिनके नाम 142 विकेट दर्ज हैं।