Jason Holder Record: मेजर लीग क्रिकेट 2026 टूर्नामेंट का फाइनल (MLC 2026 Final) रविवार, 19 जुलाई को कैलिफोर्निया के ओकलैंड कोलिज़ीयम स्टेडियम में खेला गया था जहां लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स (Los Angeles Knight Riders) के कैप्टन जेसन होल्डर (Jason Holder) ने कमाल की गेंदबाज़ी करके वाशिंगटन फ्रीडम (Washington Freedom) के तीन विकेट चटकाए और इतिहास रचा। उन्होंने सुनील नारायण, ड्वेन ब्रावो और आंद्रे रसेल जैसे कैरेबियाई दिग्गजों की रिकॉर्ड लिस्ट में अपनी जगह बनाई है।
सबसे पहले ये जान लीजिए कि 34 वर्षीय जेसन होल्डर ने MLC 2026 के फाइनल में अपने कोटे के चार ओवर में सिर्फ 31 रन देकर 3 विकेट झटके। उन्होंने एंड्रीस गौस (35 गेंदों पर 40 रन), निखिल चौधरी (24 गेंदों पर 25 रन) और बेन ड्वारशुइस (02 गेंदों पर 01 रन) का विकेट चटकाया। खास बात ये है कि इसी के साथ उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने 400 विकेट पूरे कर लिए हैं और वो ऐसा करने वाले सिर्फ चौथे कैरेबियाई गेंदबाज़ बन गए हैं।
जेसन होल्डर ने 367 मैचों की 360 पारियों में 402 विकेट लेकर ये कारनामा किया है। उनसे पहले सिर्फ सुनील नारायण, ड्वेन ब्रावो और आंद्रे रसेल ने ही बतौर वेस्टइंडीज गेंदबाज़ टी20 फॉर्मेट में 400 प्लस विकेट लेने का कारनामा किया।