मुंबई इंडियंस के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने आखिरकार आईपीएल 2026 में अपना विकेट का खाता खोल लिया। पिछले कुछ मैचों से विकेट का इंतजार कर रहे बुमराह ने आते ही कमाल कर दिखाया। पहली ही गेंद पर साईं सुदर्शन को फंसाकर उन्होंने मुंबई को जबरदस्त शुरुआत दिलाई।
आईपीएल 2026 का 30वां मुकाबला सोमवार (20 अप्रैल) को गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस के बीच नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में खेला जा रहा है, जहां जसप्रीत बुमराह ने आखिरकार अपने विकेट का सूखा खत्म कर दिया। बुमराह इस सीजन के पहले पांच मैचों में एक भी विकेट नहीं ले पाए थे, जिसके चलते वह मैदान पर थोड़ा निराश भी नजर आ रहे थे। लेकिन इस मैच में उन्होंने आते ही अपनी पुरानी लय दिखा दी और पहली ही गेंद पर टीम को बड़ी सफलता दिला दी।
गुजरात टाइटंस की पारी की शुरुआत में ही बुमराह गेंदबाजी करने आए और उनकी पहली गेंद ऑफ स्टंप के बाहर हल्की मूवमेंट के साथ निकली। साईं सुदर्शन ने बिना ज्यादा फुटवर्क के कवर की दिशा में शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बैट के टो-एंड से लगकर हवा में चली गई।