कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने आईपीएल 2022 से पहले श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया हैं। फ्रेंचाइजी ने बुधवार (16 फरवरी) को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी दी। बता दें कि केकेआऱ ने 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में हुए आईपीएल मेगा ऑक्शन में 12.25 करोड़ रुपये में खरीदा था।
अय्यर कोलकाता के छठे कप्तान बने हैं। उन्होंने इयोन मोर्गन की जगह ली है, जिन्हें ऑक्शन से पहले फ्रेंचाइजी ने रिलीज कर दिया था। मोर्गन की कप्तानी में कोलकाता की टीम पिछले सीजन फाइनल में पहुंची थी, जहां उसे चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
इससे पहले अय्यर दिल्ली कैपिटल्स में कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। 2018 में गौतम गंभीर के बाद उन्हें दिल्ली का कप्तान बनाया गया था। अय्यर की कप्तानी में 2019 में दिल्ली प्लेऑफ में पहुंची और फिर आईपीएल 2020 में फाइनल तक का सफर तय किया। आईपीएल 2021 के पहले चरण में अय्यर के चोटिल होने के कारण ऋषभ पंत दिल्ली के नए कप्तान बने और फिर फ्रेंचाइजी ने उन्हें ही इस पद पर बनाए रखने का फैसला किया।
कथित तौर पर, अय्यर फिर से डीसी का नेतृत्व करना चाहते थे, लेकिन फ्रेंचाइजी ने पंत को कप्तान के रूप में रखने पर जोर दिया और परिणामस्वरूप दोनों पक्षों ने पारस्परिक रूप से अलग होने का फैसला किया।