भारत की महान गायिका आशा भोसले 92 वर्ष की आयु में दुनिया को अलविदा कह गईं। आशा भोसले के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। इस महान गायिका को श्रद्धांजलि देने के लिए सचिन तेंदुलकर से लेकर मोहम्मद सिराज तक उनके घर पहुंचे। सिराज इस दौरान काफी भावुक हो गए और उनकी आंखों में आंसू भी देखे गए।
सिराज को मुंबई में आशा भोसले के घर पर देखा गया। वायरल वीडियो में वो आशा भोसले की पोती ज़नाई भोसले को सांत्वना देते हुए नजर आ रहे हैं। जनाई के साथ उनका भाई-बहन जैसा गहरा रिश्ता है। इस वीडियो में, सिराज को भीड़ के बीच से रास्ता बनाते हुए देखा जा सकता है। वो उन कई लोगों के बीच ज़नाई को ढूंढ रहे थे। जब वो मिलते हैं, तो ज़नाई फूट-फूटकर रो पड़ती है। उसे सिराज के सीने पर सिर रखकर रोते हुए देखा जा सकता है, जबकि सिराज उसे दिलासा देते हैं और उसके साथ खड़े रहते हैं।
बता दें कि मोहम्मद सिराज और ज़नाई भोसले को अक्सर कार्यक्रमों और समारोहों में, यहां तक कि ज़नाई के जन्मदिन की पार्टियों में भी एक साथ देखा गया है। हालांकि उनकी इन मुलाकातों ने पहले उनके बीच किसी रिश्ते की अटकलों को जन्म दिया था, लेकिन ज़नाई ने ये साफ़ कर दिया था कि उनके बीच भाई-बहन जैसा रिश्ता है और वो एक-दूसरे को अपने परिवार का ही हिस्सा मानते हैं।