Pavan Rathnayake Vs Eshan Malinga Video: लंका प्रीमियर लीग 2026 (LPL 2026) का आठवां मुकाबला बीते बुधवार, 22 जुलाई को गॉल गैलेंट्स और दांबुला सिक्सर्स (Dambulla Sixers vs Galle Gallants) के बीच दांबुला के रंगिरी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया था। गौरतलब है कि इस मुकाबले में पवन रत्नायके (Pavan Rathnayake) और ईशान मलिंगा (Eshan Malinga) के बीच एक मिनी बैटल देखने को मिली जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
दरअसल, ये घटना दाबुंला सिक्सर्स की पारी के छठे ओवर में घटी। गॉल गैलेंट्स के लिए ये ओवर ईशान मलिंगा डालने आए थे जो कि उनके कोटे का पहला ही ओवर था। यहां पवन रत्नायके ने उन्हें पहली गेंद से टारगेट किया और पहली पांच गेंदों पर छक्के-चौके की बारिश करके 22 रन ठोके। उन्होंने दो छक्के डीप मिड विकेट की तरफ मारे, एक छक्का लॉन्ग-ऑफ की तरफ और एक चौका स्क्वायर ऑफ विकेट की तरफ मारा।
पवन रत्नायके गेंदबाज़ पर दबाव बना चुके थे, लेकिन इसके बाद जो हुआ वो नज़ारा देखने लायक था। इसी ओवर की आखिरी गेंद पर ईशान मलिंगा ने एक बेहद ही सटीक यॉर्कर डिलीवर किया और बल्लेबाज़ के हाश उड़ाकर उन्हें बोल्ड करके पवेलियन का रास्ता दिखाया। Lanka Premier League ने खुद अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया है जिसे आप नीचे देख सकते हो।