बीते समय में बॉलीवुड ने मशहूर खिलाड़ी से जुड़ी कई बायोपिक बनाई है। आने वाले समय में भारतीय स्टार बल्लेबाज़ विराट कोहली (Virat Kohli) के ऊपर भी बायोपिक बन सकती है। ऐसे में सभी क्रिकेट फैंस ये जानना चाहते हैं कि अगर विराट पर बायोपिक बनी तो उसमें विराट का किरदार कौन बॉलीवुड सितारा निभा सकता है। इसका जवाब रणबीर कपूर ने दिया है।
दरअसल, भारत और न्यूजीलैंड सेमीफाइनल मैच से पहले रणबीर कपूर स्टार स्पोर्ट्स के साथ जुड़े। यहां उनसे यह सवाल किया गया कि क्या आप कोहली की बायोपिक में उनकी किरदार निभाना चाहेंगे? जिसका जवाब रणबीर ने पूरी ईमानदारी से दिया। दरअसल, रणबीर का मानना है कि अगर विराट पर बायोपिक बनती है तो उसमें किसी बॉलीवुड स्टार को नहीं बल्कि खुद विराट को ही अपना किरदार निभाना चाहिए।
रणबीर बोले, 'अगर विराट पर बायोपिक बनती है तो खुद विराट को इसमें अपना रोल करना चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि विराट कई बॉलीवुड एक्टर से अच्छे देखते हैं और उनकी फिटनेस भी काफी ज्यादा अच्छी है।' आपको बता दें कि रणबीर कपूर ने भले ही ये जवाब दिया हो, लेकिन फैंस जरूर ये चाहेंगे कि रणबीर विराट की बायोपिक में उनका किरदार निभाएं क्योंकि ये बॉलीवुड सितारा संजू जैसी बायोपिक मूवी में दुनिया को अपना हुनर दिखा चुका है।