IND vs WI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 27 सितंबर से होने जा रहा है। सीरीज का पहला मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा वनडे 30 सितंबर को गुवाहाटी में होगा, जबकि तीसरा और आखिरी मुकाबला 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। इस सीरीज में भारतीय टीम के अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) के पास बल्ले से एक खास उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा।
37 साल के रवींद्र जडेजा ने अब तक 210 वनडे इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने गेंदबाजी में 232 विकेट हासिल किए हैं, जबकि बल्ले से 32.27 की औसत से 2905 रन बनाए हैं। अब वह वनडे क्रिकेट में एक खास आंकड़ा छूने से सिर्फ 95 रन दूर हैं।
अगर जडेजा वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में 95 रन बना लेते हैं, तो उनके वनडे करियर में 3000 रन पूरे हो जाएंगे। इसके साथ ही वह 200 से ज्यादा विकेट और 3000 से ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के चुनिंदा ऑलराउंडर्स के क्लब में शामिल हो जाएंगे।