IND vs SL 2nd Test: भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला रविवार (23 अगस्त) से कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। गॉल टेस्ट में 165 रन से जीत दर्ज करने के बाद टीम इंडिया की नजर अब सीरीज में क्लीन स्वीप पर है। वहीं स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) के लिए भी यह मुकाबला बेहद खास रहने वाला है।
जडेजा कोलंबो टेस्ट में मैदान पर उतरते ही इतिहास रच देंगे। 37 साल के जडेजा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) में 50 टेस्ट मैच खेलने वाले पहले भारतीय और पहले एशियाई क्रिकेटर बन जाएंगे। वह इस समय WTC में 49 मैच खेल चुके हैं और यह मुकाम हासिल करने के लिए सिर्फ एक मुकाबला दूर हैं।
WTC में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले एशियाई खिलाड़ियों की लिस्ट में जडेजा के बाद विराट कोहली और मोहम्मद सिराज का नाम आता है, जिन्होंने 46-46 मैच खेले हैं। पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान 43 मैचों के साथ चौथे और जसप्रीत बुमराह 42 मैचों के साथ पांचवें स्थान पर हैं।