Rishabh Pant Luckily Survive Video: भारतीय विकेटकीपर ऋषभ पंत (Rishabh Pant) ने कोलंबो टेस्ट (SL vs IND 2nd Test) में भारत की पहली पारी में अर्धशतक ठोका और 89 गेंदों पर 63 रनों की शानदार पारी खेली। इसी बीच उन्हें किस्मत का पूरा साथ मिला और वो एक बार तो आउट होने से बाल-बाल बचे। इस घटना का वीडियो काफी वायरल हो रहा है।
ये घटना भारतीय टीम की पहली पारी के 94वें ओवर में घटी। श्रीलंका के लिए ये ओवर तेज गेंदबाज़ असीथा फर्नांडो कर रहे थे जिन्होंने अपनी तीसरी गेंद पर ऋषभ पंत को चौंका दिया। उन्होंने एक शॉर्ट गेंद डाली, जिसकी रफ्तार और लेंथ को ऋषभ पंत ठीक से पढ़ नहीं पाए।
इसके बाद होना क्या था। वो गेंद सीधा ऋषभ पंत के कंधे से टकराई और हवा में उछल गई। भारतीय बल्लेबाज़ को कोई अंदाजा नहीं था कि गेंद कहां गई है जिस वज़ह से वो पूरी तरह बेफिक्र थे। इसी बीच गेंद स्टंप्स के बेहद करीब से गुजरी और स्टंप माइक के पास जाकर गिरी। असीथा फर्नांडो ने यह देखकर अपने सिर पर हाथ रख लिया।