कोलकाता, 23 जून| श्रीलंका क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने ने सोमवार को कहा कि एक स्वाभाविक कप्तान होने के अलावा रोहित शर्मा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि वह आईपीएल में मुंबई इंडियंस की कप्तानी करने से पहले काफी सारी जानकारी इकट्ठा करते हैं। जयवर्धने मुंबई इंडियंस के कोच हैं। मुंबई ने रोहित की कप्तानी में 2019 में जब चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर आईपीएल का खिताब जीता था, तब भी जयवर्धने टीम के कोच थे।
जयवर्धने ने सोनी टीवी के पिट स्टॉप शो के इंस्टाग्राम पेज पर कहा, "वह निश्चित तौर पर स्वाभाविक कप्तान हैं। लेकिन, इसके साथ ही वह बहुत सारी जानकारी इकट्ठा करते हैं। यह उनका मजबूत पहलू है।"
उन्होंने कहा, "हमारी लंबी बैठकें नहीं होती हैं। हां, हम बैठक करते हैं क्योंकि जब चीजें अच्छा नहीं चल रही हों तो रणनीति बनाने की जरूरत होती है, लेकिन रोहित काफी सारी जानकारी जुटाते हैं और वह चीजों को जानना चाहते हैं। वह इसका मैदान पर उपयोग करते हैं। वह इसी तरह खेलते हैं।"