Sachin Tendulkar and Arjun Tendulkar: IPL 2022 में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन बेहद ही निराशाजनक रहा है। रोहित शर्मा की कप्तानी में पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम करने वाली MI की टीम इस सीज़न 5 मुकाबले तक नहीं जीत सकी। लेकिन इसके बावजूद युवा ऑलराउंडर अर्जुन तेंदुलकर को टीम की तरफ से डेब्यू करने का मौका नहीं मिल सका। अब दिग्गज बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर ने खुलकर इस पर अपने मन की बात कही है और फैंस को बताया है कि अर्जुन के लिए राह काफी मुश्किल होने वाली है और उन्हें कड़ी मेहनत करनी ही होगी।
सचिन तेंदुलकर ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो अपलोड किया है, जिसमें वह फैंस के सवालों का जवाब देते नज़र आ रहे हैं। इसी बीच एक फैन ने उनसे अर्जुन तेंदुलकर के डेब्यू पर भी सवाल किया जिसके बाद मास्टर ब्लास्टर ने जवाब देते हुए कहा, 'ये अलग सवाल है। मैं क्या सोचता हूं या मुझे क्या फील होता है ये बिल्कुल भी जरुरी नहीं है। वैसे भी अब सीज़न खत्म हो चुका है।'
दिग्गज बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर ने बात करते हुए आगे कहा कि वह मुंबई इंडियंस के सेलेक्शन में बिल्कुल भी दखल नहीं देते हैं। वह इन सब की जिम्मेदारी टीम और मैनेजमेंट पर ही छोड़ते है। क्योंकि वह इसी तरह से अपना काम करना पसंद करते हैं।