Shafali Verma Record: भारतीय महिला क्रिकेट टीम (India Women's Team) की स्टार सलामी बल्लेबाज़ शेफाली वर्मा (Shafali Verma) ने विमेंस एशिया कप (Women's Asia Cup 2026) के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। गौरतलब है कि इसी के साथ 22 साल की शेफाली ने एक बेहद ही खास रिकॉर्ड लिस्ट में हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) को पीछे छोड़ दिया है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। सबसे पहले ये जान लीजिए की शेफाली वर्मा भारतीय टीम की एक युवा और बेहद ही टैलेंडिट खिलाड़ी हैं, जो कि आक्रमक अंदाज में बल्लेबाज़ी करती हैं। उन्होंने साल 2026 के विमेंस एशिया कप के फाइनल में भी इसी अंदाज में बैटिंग की और 39 गेंदों पर 9 चौके 2 छक्के लगाकर 68 रनों की पारी खेली।
खास बात ये है कि शेफाली ने अपनी 68 रनों की पारी के दम पर अब साल 2026 के कलेंडर ईयर में अपने 675 T20I रन पूरे कर लिए हैं। इसी के साथ अब वो भारतीय टीम के लिए एक कलेंडर ईयर में दूसरी सर्वाधिक टी20 इंटरनेशनल रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गईं हैं। उन्होंने हरमनप्रीत कौर को पछाड़ा है, जिन्होंने साल 2018 में 663 T20I रन बनाए थे। इस रिकॉर्ड लिस्ट में अब सिर्फ स्मृति मंधाना ही शेफाली वर्मा से आगे हैं, जिन्होंने साल 2024 में 763 टी20 इंटरनेशनल रन बनाए थे।