Jacob Bethell Ruled Out: इंग्लैंड क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के बल्लेबाज जैकब बेथेल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली वनडे और टी20 सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनके दाहिने घुटने की चोट फिर से उभर आई है, जिसके कारण वह ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एक मैच भी नहीं खेल पाएंगे।
इसके साथ ही साउथ अफ्रीका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में भी उनका खेलना संदिग्ध नजर आ रहा है। 23 वर्षीय बेथेल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खेलने की उम्मीद के साथ गए थे, लेकिन ट्रेनिंग के दौरान स्कैन में एक नई समस्या सामने आई। अब वह विशेषज्ञ से जांच कराने के लिए वापस अपने देश लौटेंगे।
बेथेल ने जुलाई के बाद से इंग्लैंड के लिए कोई मैच नहीं खेला है। उस समय लॉर्ड्स में भारत के खिलाफ एक वनडे मैच में 91 रन बनाते हुए उन्हें घुटने में तकलीफ महसूस हुई थी। इसके बाद सितंबर में उनकी सर्जरी हुई, जिसके कारण वह कई महीनों तक खेल से दूर रहे। ऐसा लग रहा था कि उनकी वापसी सही रास्ते पर है, क्योंकि वह ऑस्ट्रेलिया में इंग्लैंड की टीम से जुड़ गए थे। शुक्रवार (13 नवंबर) से इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज हो रहा है। हालांकि, बेथेल सप्ताहांत में वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टीम के वॉर्मअप मैच में नहीं खेल पाए थे और इस हफ्ते की शुरुआत में ट्रेनिंग के दौरान उन्हें फिर से चोट लग गई।