Navi Mumbai: भारतीय महिला क्रिकेट टीम के विश्व चैंपियन बनने पर पूरे देश में जश्न का माहौल है। इस मौके पर आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को विश्व कप जीतने पर बधाई दी है।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया है। हमारी बेटियों ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है। उनके अद्भुत प्रदर्शन, अथक दृढ़ संकल्प और अदम्य साहस ने हर भारतीय को प्रेरित किया है और दुनिया को अचंभित कर दिया है। हमारी चैंपियंस को बधाई।"
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल में भारतीय महिला टीम के शानदार प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा, "महिला एकदिवसीय क्रिकेट विश्व कप जीतने पर हमारी टीम इंडिया को बधाई। मुझे खुशी है कि भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल मैच में शानदार प्रदर्शन किया और जीत हासिल की। इस जीत के साथ, भारतीय महिला टीम ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में एक नया अध्याय लिख दिया है।"