श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो टेस्ट मुकाबलों की सीरीज के लिए चोटिल साई सुदर्शन की जगह सरफराज खान को भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
बाएं हाथ के बल्लेबाज साई सुदर्शन को दाएं पैर के अंगूठे में 'स्ट्रेस रिएक्शन' के कारण पूरी सीरीज से बाहर बैठना पड़ा है। वह बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे थे। हालांकि, बीसीसीआई ने पुष्टि की है कि सुदर्शन की रिकवरी में काफी सुधार हो रहा है, लेकिन वह अभी भी मैदान पर उतरने के लिए फिट नहीं हैं।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, "साई सुदर्शन को श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर कर दिया गया है। बाएं हाथ के बल्लेबाज, जो बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में थे, उन्होंने दाएं पैर के अंगूठे के स्ट्रेस रिएक्शन से उबरने में काफी प्रगति की है और अच्छी तरह से ठीक हो रहे हैं। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी प्रगति पर बारीकी से नजर रख रही है।"