आईपीएल 2026 का 60वां मैच कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच इडेन गार्डेन्स में खेला जा रहा है। जीटी के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।
टॉस जीतने के बाद गिल ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। कल थोड़ी बारिश हुई थी। हमें उम्मीद है कि दूसरी पारी में हालात बेहतर हो जाएंगे। हमारी गेंदबाजी इकाई जबरदस्त रही है। मोमेंटम हमारे साथ है। यह किसी भी टीम को हल्के में लेने का समय नहीं है। अगर आप टॉप-2 में रहते हैं, तो आपको एक अतिरिक्त मैच मिलता है। हम उसी टीम के साथ खेलेंगे।"
केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा, "हम एक-एक करके हर मैच पर ध्यान दे रहे हैं। हमें तीन मैच जीतने हैं और फिर देखना है कि आगे क्या होता है। पिछले पांच मैचों में हमने बहुत बढ़िया क्रिकेट खेला है। हम पहले फील्डिंग करना भी चाह रहे थे। पिच में थोड़ी नमी है। मुझे नहीं लगता कि इससे बहुत ज्यादा फर्क पड़ेगा। वरुण फिट हैं और टीम में वापस आ गए हैं।"