70 लीग मुकाबलों के बाद आईपीएल 2026 अपने अंतिम पड़ाव की तरफ बढ़ चला है। मंगलवार से प्लेऑफ के रोमांच की शुरुआत होगी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी), गुजरात टाइटंस (जीटी), सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) और राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने अंतिम चार में जगह बनाई है। आइए समझते हैं कि इन चारों में खिताब की प्रबल दावेदार कौन सी टीम नजर आ रही है और क्यों।
खिताब बचाने का आरसीबी के पास मौका: डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी के पास इस बार खिताब का बचाव करने का सुनहरा मौका है। रजत पाटीदार की अगुवाई में आरसीबी के लिए इस सीजन सबकुछ सही घटा है। बल्लेबाजी में विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार, क्रुणाल पांड्या और टिम डेविड अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, वेंकटेश अय्यर भी भरोसे पर खरे उतरे हैं।
गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार इस सीजन बल्लेबाजों के लिए सिरदर्द बने हुए हैं। वहीं, रसिख सलाम और जोश हेजलवुड ने उनका अच्छा साथ निभाया है। आरसीबी के साथ इस सीजन में सबसे बड़ी दिक्कत यह रही है कि टॉप ऑर्डर के फेल होने की स्थिति में टीम बड़े टोटल तक नहीं पहुंच पाई है। रजत को छोड़कर पारी को संवारने और फिर फिनिश करने वाले बल्लेबाज की जिम्मेदारी किसी ने नहीं उठाई है।