पंजाब किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2027 सीजन से पहले अपने सपोर्ट स्टाफ को मजबूत करते हुए झारखंड के पूर्व खिलाड़ी राजीव कुमार को अपना नया फील्डिंग कोच नियुक्त किया है।
'आईएएनएस' ने 19 नवंबर को ही बताया था कि पंजाब किंग्स राजीव कुमार को फील्डिंग कोच और पारस म्हाम्ब्रे को बॉलिंग कोच के रूप में शामिल करने पर विचार कर रही है। फ्रेंचाइजी ने बुधवार को पुष्टि की कि म्हाम्ब्रे उनके फास्ट-बॉलिंग कोच के रूप में टीम से जुड़ गए हैं।राजीव कुमार, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर ब्रैड हैडिन के जाने से खाली हुई जगह को भरेंगे, जबकि म्हाम्ब्रे ने जेम्स होप्स की जगह ली है। घरेलू क्रिकेट में झारखंड के साथ कोच के रूप में काम कर चुके राजीव, अब पंजाब किंग्स से जुड़ रहे हैं। इससे पहले वह पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) में 2018 से 2026 तक फील्डिंग कोच रह चुके हैं।
पिछले महीने, जब सीएसके ने अपने सपोर्ट स्टाफ में पूरी तरह से बदलाव करने का फैसला किया, तब राजीव ने टीम छोड़ दी थी। बुधवार को जारी एक बयान में पंजाब किंग्स ने कहा, "टीम की फील्डिंग यूनिट के साथ काम करने और पूरे सीजन के दौरान खिलाड़ियों के विकास में मदद करने के लिए उनका अनुभव बहुत काम आएगा।"