भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला रविवार से कोलंबो के सिंहली क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। पहले टेस्ट में भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 165 रनों से जीत दर्ज की थी। ऐसे में शुभमन गिल की अगुवाई में भारतीय टीम सीरीज को 2-0 से अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी।
वहीं, मेजबान श्रीलंका कोलंबो में अपने बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। गाले टेस्ट की दोनों ही पारियों में श्रीलंकाई बल्लेबाजी क्रम भारतीय स्पिनर्स के आगे बेबस नजर आया था। कुशल मेंडिस और दिनेश चांदीमल के दूसरे टेस्ट से बाहर होने से टीम को दोहरा झटका लगा है। गाले टेस्ट की दोनों ही पारियों में दमदार प्रदर्शन करने सोनल दिनुशा से टीम को इस मुकाबले में भी ऐसे ही प्रदर्शन की उम्मीद होगी। वहीं, कप्तान धनंजय डी सिल्वा को भी बल्ले से अहम योगदान देना होगा। गेंदबाजी में प्रभात जयसूर्या अच्छी लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने कुल 7 विकेट अपने नाम किए थे। वहीं, तेज गेंदबाजी में असिथा फर्नांडो असरदार साबित हुए थे।
भारत के लिए पहले टेस्ट मैच में सब कुछ सही घटा था। बल्लेबाजी में देवदत्त पडिक्कल ने 167 रनों की लाजवाब पारी खेली थी, जबकि केएल राहुल और ध्रुव जुरेल भी श्रीलंकाई गेंदबाजों के लिए सिरदर्द साबित हुए थे। दूसरी पारी में ऋषभ पंत ने 66 रनों की दमदार पारी खेली थी। हालांकि, दूसरे टेस्ट में यशस्वी जायसवाल और कप्तान शुभमन गिल से भी टीम को बड़ी पारी की उम्मीद होगी।