T20 World Cup Semi: ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में वेस्टइंडीज के खिलाफ 8 विकेट से शानदार जीत हासिल की। इसी के साथ छह बार की चैंपियन टीम ने 8वीं बार खिताबी मैच में जगह बनाई है। जीत के बाद ऑस्ट्रेलियाई कप्तान सोफी मोलिनक्स ने अपनी टीम के संयम और हरफनमौला प्रदर्शन की तारीफ की।
वेस्टइंडीज को 125/7 के स्कोर पर रोकने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने 42 गेंदें शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। ऑस्ट्रेलियाई टीम से बेथ मूनी (नाबाद 61) और एशले गार्डनर (नाबाद 35) ने शानदार पारियां खेलीं। इससे पहले, मोलिनक्स, गार्डनर और जॉर्जिया वेयरहैम ने दो-दो विकेट लेकर इस बड़ी जीत की नींव रखी थी।
फाइनल तक ऑस्ट्रेलिया के अजेय सफर पर बात करते हुए मोलिनक्स ने कहा कि टीम ने बहुत आगे की सोचने के बजाय टूर्नामेंट का मुकाबले का लुत्फ उठाने पर ध्यान दिया। उन्होंने कहा, "टी20 वर्ल्ड कप में आपको बस हालात के साथ चलना होता है। इसमें उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। पूरी टीम ने इसका लुत्फ उठाया है। शायद हमारे लिए यही सबसे बड़ी बात है। हमने खुद को बहुत आगे की सोचने से रोका है। अब हम फाइनल के बारे में सोच सकते हैं, जो बहुत अच्छी बात है।"