England Women Test Match: मुकाबले के दूसरे दिन मेजबान इंग्लैंड को उसकी पहली पारी में सिर्फ 170 रन पर समेटने के साथ भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स में जारी एकमात्र टेस्ट मैच में 115 रन की अहम बढ़त हासिल कर ली है। इंग्लैंड को सस्ते में समेटने में तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ का अहम योगदान रहा, जिन्होंने पांच विकेट हासिल किए।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 285 रन बनाए। भारत ने 37 के स्कोर तक 2 विकेट खो दिए थे। इसके बाद स्मृति मंधाना ने जेमिमा रोड्रिगेज के साथ तीसरे विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला।
रोड्रिगेज 38 गेंदों में 5 चौकों के साथ 35 रन बनाकर पवेलियन लौटीं, जिसके बाद मंधाना ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ चौथे विकेट के लिए 89 जुटाए। मंधाना ने 11 चौकों और 1 छक्के के साथ 83 रन बनाए, जबकि कौर ने टीम के खाते में 58 रन का योगदान दिया। इनके अलावा, दीप्ति शर्मा ने 57 रन जोड़े।