The Hundred Women's 2026: द हंड्रेड विमेंस 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की युवा बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स (Jemimah Rodrigues) और पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना (Fatima Sana) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मुकाबला खत्म होने के बाद जेमिमा रोड्रिग्स और फातिमा सना ने पहले हाथ मिलाया और फिर एक-दूसरे को गले लगाया।
यह मुकाबला गुरुवार (30 जुलाई) को साउथैम्प्टन में सदर्न ब्रेव और बर्मिंघम फीनिक्स विमेंस के बीच खेला गया। जेमिमा रोड्रिग्स सदर्न ब्रेव की ओर से मैदान पर उतरी थीं, जबकि फातिमा सना बर्मिंघम फीनिक्स का हिस्सा थीं। मुकाबले में रोमांच देखने को मिला, लेकिन मैच के बाद दोनों खिलाड़ियों की मुलाकात ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं।
मैच खत्म होते ही दोनों खिलाड़ियों ने मुस्कुराते हुए एक-दूसरे से हाथ मिलाया। इसके बाद जेमिमा और फातिमा ने गर्मजोशी से एक-दूसरे को गले लगाया। यह दृश्य कैमरे में कैद हो गया और देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।