ACC Women’s Premier Cup: यूएई ने रचा इतिहास, सऊदी अरब को हराने के लिए लगी सिर्फ 5 गेंदें (Image Source: Google)
ACC Women’s Premier Cup 2026, UAE-W vs KSA-W: एसीसी महिला प्रीमियर कप 2026 में यूएई महिला टीम ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसने क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया। सऊदी अरब को महज 27 रन पर ऑलआउट करने के बाद यूएई ने लक्ष्य सिर्फ 5 गेंदों में हासिल कर लिया।
एसीसी महिला प्रीमियर कप 2026 में बुधवार (3 जून) को यूएई महिला टीम ने इतिहास रच दिया। मलेशिया में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट के दूसरे मुकाबले में यूएई ने सऊदी अरब को एकतरफा अंदाज में हराकर रिकॉर्ड बुक में जगह बना ली।
पहले बल्लेबाजी करते हुए सऊदी अरब की पूरी टीम सिर्फ 27 रन पर ढेर हो गई। यूएई के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और सऊदी अरब का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सका। सुरक्षा कोट्टे, हीना होटचंदानी और कप्तान ईशा ओज ने 3-3 विकेट झटककर सऊदी अरब की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।