भारतीय क्रिकेट को एक नया और ऐतिहासिक नाम मिल गया है। वैभव सूर्यवंशी ने महज 14 साल की उम्र में भारतीय अंडर-19 टीम की कप्तानी कर इतिहास रच दिया। वह यूथ वनडे में टीम की अगुवाई करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। इतना ही नहीं, 16 साल से पहले किसी भी अंडर-19 इंटरनेशनल फॉर्मेट में कप्तानी करने वाले वह दुनिया के पहले क्रिकेटर भी बन गए हैं।
शनिवार (3 जनवरी) को वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय अंडर-19 क्रिकेट के इतिहास में सुनहरा अध्याय जोड़ दिया। साउथ अफ्रीका अंडर-19 के खिलाफ बेनोनी के विलोमूर पार्क में तीन मैचों की यूथ वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में उन्होंने भारतीय टीम की कप्तानी संभाली।
महज 14 साल की उम्र में कप्तानी करते हुए वैभव सूर्यवंशी यूथ वनडे क्रिकेट में सबसे कम उम्र के कप्तान बन गए। यह किसी भी स्तर पर भारतीय राष्ट्रीय टीम की उनकी पहली कप्तानी थी, जिसे उन्होंने ऐतिहासिक बना दिया।