भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा एक बार फिर से श्री प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज से मिलने वृंदावन पहुंचे। ऑस्ट्रेलिया दौरे पर कोहली का प्रदर्शन बेहद खराब रहा था, जहां वो अपनी 9 पारियों में से 8 में तो एक ही तरह से आउट हुए। उनके खराब प्रदर्शन के बाद कुछ लोगों ने तो उन्हें संन्यास लेने की सलाह भी दे डाली लेकिन विराट एक बार फिर से इसी उम्मीद के साथ संन्यासी संत प्रेमानंद जी के पास पहुंचे कि उनके आशीर्वाद से एक बार फिर से उनके अच्छे दिन लौट आएं।
इंटरनेट पर विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें दोनों को श्री प्रेमानंद गोविंद शरण जी महाराज से आशीर्वाद मांगते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में, श्री प्रेमानंद जी महाराज को अनुष्का की प्रशंसा करते हुए भी सुना जा सकता है। इस दौरान अनुष्का कहती हैं कि वो पिछली बार जब आई थीं तो उनके मन में कई सवाल थे लेकिन वही सवाल बाकी लोगों ने भी पूछ लिए जिसके चलते वो सवाल नहीं पूछ पाईं।
इस बार विराट और अनुष्का के साथ उनके दोनों बच्चे भी थे। वामिक और अकाय कोहली को दोनों की गोद में देखा जा सकता है। पिछली बार जब विराट कोहली वृंदावन आए थे तो उसके बाद से ही उनके अच्छे दिन शुरू हो गए थे और उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ टी-20 मैच में शतक लगाकर अपने शतकों के सूखे को खत्म किया था। ऐसे में अब आगामी इंग्लैंड सीरीज और चैंपियंस ट्रॉफी में एक बार फिर से विराट सुर्खियों में होंगे और हर भारतीय फैन यही उम्मीद कर रहा होगा कि उनकी ये यात्रा एक बार फिर से उनके लिए अच्छी साबित हो।
Virat Kohli और Anushka Sharma की पूज्य महाराज जी से क्या वार्ता हुई ? Bhajan Marg pic.twitter.com/WyKxChE8mC
— Bhajan Marg (@RadhaKeliKunj) January 10, 2025