WI vs PAK 1st Test: वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला त्रिनिदाद और टोबैगो के ब्रायन लारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है जहां बीते मंगलवार, 28 जुलाई को मुकाबले के चौथे दिन मेजबान टीम ने पाकिस्तान को 90 रनों से रौंदकर जीत हासिल की। इस मुकाबले के हीरो जस्टिन ग्रीव्स (Justin Greaves) रहे जिन्होंने पाकिस्तान के पूरे 7 विकेट चटकाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।
इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने ही टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया था और अपनी पहली पारी में 98.5 ओवर खेलकर 311 रन बनाए थे। उनके लिए शाई होप (182 गेंदों पर 92 रन) और केवम हॉज (183 गेंदों पर 84 रन) ने शानदार पारी खेली थी। इस दौरान पाकिस्तान के लिए मोहम्मद अली ने 21.5 ओवर में 50 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं मोहम्मद अब्बास ने तीन विकेट, खुर्रम शहजाद ने 2 विकेट और आमेर जमाल ने 1 विकेट चटकाया।
इसके जवाब में पाकिस्तान के लिए पहली पारी में शान मसूद ने शतक ठोकते हुए 184 गेंदों पर 109 रन बनाए, वहीं इमाम उल हक ने 102 गेंदों पर 63 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। हालांकि इसके बावजूद मेहमान टीम 80.1 ओवर ही मैदान पर टिक पाई और 282 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। वेस्टइंडीज के लिए जस्टिन ग्रीव्स ने 11 ओवर में 27 रन देकर 5 विकेट लिए। उनके अलावा केमार रोच और शमर जोसेफ ने 2-2 विकेट और जायडेन सील्स ने 1 विकेट झटका।